संघ के प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक 11 जुलाई से कानपुर में

युदस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक 11 से 15 जुलाई तक कानपुर में होगी जिसमें संघ प्रमुख मोहन भागवत समेत संघ के सभी प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। संघ
के प्रांत प्रचार प्रमुख मोहन अग्रवाल ने बताया कि 11 जुलाई से बिठूर में प्रांत प्रचारकों की बैठक होगी। प्रांत प्रचारकों की यह बैठक प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में देश के किसी भी शहर में आयोजित होती है। इस बार यह कानपुर में आयोजित हो रही है। इसमें शारीरिक, बौद्धिक सामाजिक सरोकार और सामूहिक चर्चा के कार्यक्रम होंगे।
इसमें देश भर से आने वाले प्रांत प्रचारक शामिल होंगे। दूसरे चरण की बैठक में संघ के प्रांत प्रचारकों के अतिरिक्त संघ से जुड़े अन्य संगठनों जैसे विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, विद्या भारती, भारतीय मजदूर संघ और आरोग्य भारती जैसे 40 सहयोगी संगठनों के पदाधिकारी भाग लेंगे। तीसरे चरण की बैठक में केवल संघ के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे, जो दोनो चरणों की बैठकों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रांत प्रचारकों की इस बैठक में कोई प्रस्ताव या नीतिगत निर्णय नही होते हैं। इस बैठक में प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक, अखिल भारतीय पदाधिकारी तथा विविध कार्यों के प्रमुख कार्यकर्ता समेत प्राय: 150 लोग शामिल होंगे। इस बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत, सह कार्यवाह भैयाजी जोशी, सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी के सहित संघ के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। अग्रवाल ने कहा चूंकि यह संघ के प्रचारकों की बैठक होती है, इसलिये इसमें मीडिया को प्रवेश नहीं होता है। उनसे पूछा गया कि ऐसी अटकलें हैं कि संघ की इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी आ रहे हैं तो उन्होंने इस प्रकार की किसी भी जानकारी को नकार दिया।
विश्वगुरु रहा वो भारत,
इंडिया के पीछे कहीं खो गया |
इंडिया से भारत बनकर ही,
विश्व गुरु बन सकता है; - तिलक
No comments:
Post a Comment